तहसील मुनस्यारी के अंतर्गत दूरस्थ राजकीय प्राथमिक स्कूल जसपुरखान में चार दिन से ताला लटका है। शनिवार के बाद कोई भी शिक्षक विद्यालय नहीं गया है। स्कूल में पढ़ने वाले 13 बच्चे पिछले सोमवार से लगातार स्कूल जा रहे हैं और कुछ देर खेलने-कूदने के बाद घरों को लौट रहे हैं। शिक्षक विद्यालय क्यों नहीं आ रहे हैं इसकी जानकारी न तो अभिभावकों को है और न बच्चों को ही कुछ बताया गया है। अभिभावक बुधवार को इस मामले की जानकारी देने के लिए 28 किलोमीटर दूर मुनस्यारी तहसील मुख्यालय पहुंचे। मुनस्यारी में एसडीएम नहीं है। इसलिए तहसीलदार को इसकी जानकारी दी गई।
अभिभावकों का कहना है कि चार दिन से विद्यालय बंद पड़ा है। कोई भी अधिकारी इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रहा है। विद्यालय में दो शिक्षक तैनात हैं, लेकिन दोनों ही विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। ग्राम प्रधान पुष्पा देवी, स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष पूरन सिंह इमलाल, इंद्र सिंह, प्रह्लाद राम, सुरेंद्र सिंह आदि ने मांग की है कि स्कूल बंद होने के मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाए और बिना कारण स्कूल बंद रखने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अभिभावकों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र स्कूल के ताले नहीं खोले गए तो बेमियादी धरना, प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
उधर, जिला शिक्षा अधिकारी शौकत अली ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच के लिए कहा गया है। स्कूल बंद होने के मामले में 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मंगाई गई है। उसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुनस्यारी तहसील के अधिकांश स्कूलों की हालत बेहद खराब है। कई विद्यालय एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं।