नेपाल के डडेलधुरा में दुर्घटनाग्रस्त जीप
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी नेपाल के डडेलधुरा जिले में बुधवार अपरान्ह हुई जीप दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपक्षेत्रीय अस्पताल डडेलधुरा पहुंचाया गया है। दुर्घटनास्थल बैतड़ी जिला मुख्यालय से 34 किलोमीटर दूर है। घटना की सूचना मिलते ही डडेलधुरा और बैतड़ी से राहत तथा बचाव दल मौके पर पहुंचा।
डडेलधुरा जिला मुख्यालय में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भागेश्वर से डडेलधुरा को आ रही यात्रियों से भरी यह जीप अमरगड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खराब सड़क और ओवरलोड वाहन के कारण दुर्घटना हुई। दुर्घटना में भागेश्वर वार्ड संख्या चार के लक्ष्मण भट्ट और जयानंद भट्ट, इसी गांव के वार्ड संख्या आठ के गणेश सार्की, वार्ड संख्या पांच के नरपति पांडे, कामदेव चटौच की मौके पर मौत हो गई।
भागेश्वर गांव के ही दिवाकर पांडे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि भागेश्वर वार्ड संख्या सात निवासी पद्म मल की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। डडेलधुरा के प्रहरी निरीक्षक प्रेम बहादुर साही ने बताया कि पांच घायलों को अस्पताल भेजा गया है।