चंपावत। पंचम वाहिनी एसएसबी चंपावत में आठ नवंबर को द्वितीय कमान अधिकारी आशीष कुमार पांडे की उपस्थिति में दिवाली मिलन समारोह मनाया गया। संदीक्षा परिवारों, अधिकारियों और बलकार्मिकों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। ग्रीन दिवाली अभियान के तहत पटाखों से बचने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इससे पहले सात नवंबर को कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के नेतृत्व में समवाय खेत, बीओपी चूका और खलडूंगा के जवानों ने सहायक कमांडेंट आनंद सिंह भंडारी के नेतृत्व में नेपाल एपीएफ की डंडेलधुरा कंपनी और बीओपी सीम, परिगांव और तातापानी के कार्मिकों से मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।
डी समवाय पंचेश्वर और बीओपी कुष्मतघाट के जवानों ने एपीएफ की संतोला और मटेला कंपनी के कार्मिकों को मिठाइयां भेंट कीं और संयुक्त पेट्रोलिंग कर सीमा सुरक्षा पर चर्चा की।
इधर दिवाली पर चंपावत पुलिस की ओर से भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और नेपाल पुलिस के साथ संयुक्त रूप से दिवाली महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी मैत्री, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करना रहा। इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयों का आदान-प्रदान किया। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने व आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।