धारचूला के एसडीएम के अवकाश पर जाने से आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा पर जाने वाले पर्यटकों के इनरलाइन परमिट बनने बंद हो गए। ऐसे में सैकड़ों पर्यटक पिथौरागढ़ और धारचूला में ही फंसे हैं। यात्रियों की भीड़ और हंगामे को देखते हुए मंगलवार को प्रशासन ने 195 इनरलाइन परमिट जारी किए। तब यात्रियों ने राहत की सांस ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश आने के बाद देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। इस साल अब तक 19,000 से अधिक यात्री आदि कैलाश पहुंच चुके हैं। पिछले दो दिन से धारचूला के एसडीएम छुट्टी पर हैं। उन्होंने एसडीएम डीडीहाट को चार्ज दिया है। उन पर दो तहसीलों का चार्ज होने से इनरलाइन परमिट नहीं बन सके। दूर-दराज से पहुंचे पर्यटक पिथौरागढ़ और धारचूला में ही फंस गए हैं। यहां होटल पैक होने से उन्हें दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। इन दिनों पिथौरागढ़ में तो तापमान सामान्य 28 डिग्री है, लेकिन धारचूला में दोपहर के समय तापमान 35 डिग्री से अधिक पहुंच रहा है। इससे उमस भरी गर्मी से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने पिथौरागढ़ जिला प्रशासन से यात्रियों की समस्या को देखते हुए इनरलाइन परमिट लगातार जारी करने की मांग उठाते हुए हंगामा किया। इससे प्रशासनिक मशीनरी हरकत में आई और मंगलवार को आनन-फानन 197 परमिट जारी कर दिए गए।
-
जुलाई-अगस्त में केएमवीएन बंद रखेगा यात्रा
पिथौरागढ़। मानसून के मद्देनजर जुलाई और अगस्त में केवल कुमाऊं मंडल विकास निगम ही यात्रा बंद रखेगा, जबकि निजी ऑपरेटर और अन्य माध्यमों से संचालित यात्राएं चलती रहेंगी। प्रशासन का कहना है कि सिर्फ केएमवीएन ने यात्रा को बंद रखा है। संवाद
-
कोट-
- धारचूला के एसडीएम छुट्टी पर हैं। उन्होंने डीडीहाट एसडीएम को चार्ज दिया है। इस कारण इनरलाइन परमिट जारी होने में दिक्कतें हो रही थीं। मंगलवार को परमिट जारी किए गए हैं। - डॉ. शिव कुमार बरनवाल, एडीएम पिथौरागढ़।
-
कोट -
आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा के लिए बड़ी संख्या में देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक आ रहे हैं। पिछले दो दिन से इनरलाइन परमिट नहीं बनने से यात्रियों को दिक्कत हो रही है। पर्यटकों को दिक्कत ना हो, प्रशासन को इसका पूरा ध्यान रखना चाहिए।
-राजेंद्र भट्ट, जिलाध्यक्ष, होटल एसोसिएशन पिथौरागढ़।