दयानंद स्कूल में वैज्ञानिक डा.मनीष का सम्मान करते शिक्षक।
- फोटो : पिथौरागढ़
दयानंद विद्यालय के पूर्व छात्र कनाडा में शोध वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत पिथौरागढ़ निवासी डॉ. मनीष भट्ट को विद्यालय में सम्मानित किया।
कनाडा के मौंट्रियल विश्वविद्यालय में सेवारत डॉ. मनीष का विद्यालय पहुंचने पर स्वागत किया गया। डॉ. गुरुकुलानंद सरस्वती कच्चाहारी की अध्यक्षता में हुए समारोह में विद्यालय के प्रबंधक गंगा दत्त जोशी ने डॉ. मनीष को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए बेहद खुशी की बात है कि वह अन्य देशों में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
आईआईटी कानपुर से एमटेक डॉ. मनीष इंग्लैंड, जर्मनी, आयरलैंड, स्पेन और रूस में शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। उनके शोध पत्र विश्व स्तरीय पत्रिकाओं में प्रकाशित होते हैं। अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक प्रोफेसर एन टेगे क्यू अपनी पुस्तक में डॉ. मनीष के कार्यों की सराहना कर चुके हैं। कार्यक्रम में डॉ. परमानानंद चौबे समेत तमाम लोगों ने विचार रखे।
डॉ. मनीष ने सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण के टिप्स दिए। डॉ. मनीष के पिता डॉ. धर्मानंद भट्ट बलुवाकोट महाविद्यालय में प्राध्यापक हैं। बड़े भाई दिनेश भट्ट जीआईसी कुम्डार में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता हैं। बहन दिव्या राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मूनाकोट में व्याख्याता हैं। संचालन गोपाल दत्त सती ने किया।