मुवानी (पिथौरागढ़)। एसबीआई शाखा में नेटवर्क बाधित रहने से सोमवार को बैंक का काम ठप रहा। नेटवर्क बाधित रहने से दूरदराज से आने वाले ग्राहकों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र के गांवों से लेनदेन के लिए लोग सुबह ही बैंक पहुंच जाते हैं। नेटवर्क बाधित रहने से उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है। शाखा प्रबंधक एसके मिश्रा ने बताया कि बीएसएनएल के मंडलीय अभियंता को नेटवर्क बाधित रहने पर हर बार सूचना दी जाती है। अक्सर केबल कटने से सेवा बाधित हो रही है। इसके चलते बैंक कर्मचारियों को भी खाताधारकों के रोष का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी रमेश बम, खाताधारक मोती राम, राहुल सिंह, नरेंद्र सिंह, देवकी देवी, कलावती, कमला, दान सिंह, हरीश सिंह, मोहन सिंह ने कहा कि यदि इसी तरह बैंक की सेवा चलती रही तो वह अपना खाता दूसरे बैंकों में खोलने के लिए विवश होंगे।