रविवार की रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण सातशिलिंग-थल मार्ग पर यातायात पूरे 12 घंटे बंद रहा। मुवानी के नजदीक मेलापानी में सड़क पर मलबा आने से रविवार की शाम छह बजे से सोमवार की सुबह छह बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। इस रोड पर इन दिनों चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इस कारण कई स्थानों पर सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है।
सातशिलिंग से थल तक 50 किलोमीटर के दायरे में इस समय कम से कम 15 नए संवेदनशील स्थान बन गए हैं। इन स्थानों पर सड़क को चौड़ा करने और स्कबर के निर्माण के लिए बुरी तरह खुदाई की गई है। हल्की बारिश में ही मलबा सड़क पर पट रहा है। अभी सड़क के चौड़ीकरण के काम में लंबा समय लगने वाला है। तब तक वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इस बीच रविवार को देर शाम तक जिले के तमाम इलाकों में बारिश हुई। जिला मुख्यालय में 8.6 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि अभी छिटपुट बारिश का क्रम जारी रहेगा। आठ अप्रैल को कुछ हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है।