नेपाल के बैतड़ी जिले में हत्या के बाद शव को गड्ढे से निकालते प्रहरी के जवान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
बैतड़ी (नेपाल)। सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी जिले में युवक की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को 15 फुट जमीन के अंदर गाड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या करने के बाद गिरफ्तारी के डर से हत्यारे ने खुद के अपहरण की पोस्ट सोशल मीडिया पर डालकर खुद फरार हो गया। बैतड़ी प्रहरी ने हत्यारे को खोजने के बाद मामले का खुलासा किया। प्रहरी टीम ने बुधवार को शव निकालकर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया।
बैतड़ी जिले के सुनर्या गांवपालिका छह में डंबर अवस्थी और हरीश अवस्थी के परिजनों में हमेशा झगड़ा होता रहता है। दोनों के घर 10 मिनट की दूरी पर हैं। 27 दिसंबर को डंबर बाजार गया था और शाम तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। उसी दिन गांव के हरीश ने भी सोशल मीडिया पर विप्लव गुट (माओवादी संगठन) की ओर से अपहरण की पोस्ट डाल दी।
पोस्ट वायरल होने के बाद सभी ने हरीश को बचाने की सोशल मीडिया पर अपील भी की। जिला प्रहरी कार्यालय के प्रवक्ता बोधराज ओझा ने बताया प्रहरी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हरीश को बांके जिले में राप्ती नदी के किनारे सात जनवरी को बरामद किया। घटना के बारे में हरीश से की गई पूछताछ में डंबर के बारे में भी कुछ बातें निकली। गहन पूछताछ में उसने अपने जुर्म को कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां कर दी। प्रहरी ने बुधवार को धूतिधार के जंगल में एक गुफा के अंदर 15 फीट नीचे से शव को निकाल लिया है। आरोपी युवक सिद्धनाथ प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। हत्या की इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।