नगर की सड़कों में जगह- जगह खुदे पड़े गड्ढे
- फोटो : अमर उजाला
नगर में निजी दूरसंचार कंपनियों की ओएफसी बिछाने के लिए काटी जा रही सड़क का खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है। लाखों खर्च कर बनाई गई सड़कें जगह-जगह नालियों में बह चुकी हैं। इन सड़कों के किनारे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मलबे से पूरे नगर की नालियों को नुकसान पहुंचा है। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी है।
नगर में पिछले कई दिनों से निजी दूरसंचार कंपनियों की ओएफसी बिछाने के लिए सड़क काटने का काम चल रहा है। कंपनियां संपर्क मार्ग, जीआईसी रोड, बैंक रोड, घंटाकरण रोड, विजडम तिराहा रोड आदि की पटरियां काट चुकी हैं। इन कंपनियों ने लाइन बिछाने के बाद काटी गई सड़क का भराव कर छोड़ दिया है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद खोदी गई सड़कों की पटरी पर जमा मलबा सीधे नालियों में समा चुका है। इससे खोदी गई सड़कों के किनारे गड्ढे बन गए हैं। दूसरी ओर सड़कों के मलबे से पालिका की नालियां को नुकसान पहुंचा है। सड़कों की इस बदहाली से वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों को परेशानी हो रही है।
दूर संचार कंपनियों को निर्धारित शर्तों पर ही सड़क काटने की अनुमति दी जाती है। इन कंपनियों से सड़कों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति ली है। जल्द ही नगर में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की जाएगी।
-नवीन जोशी, ईई, लोनिवि, पिथौरागढ़