आखिरकार आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण की पहल हुई है। जिले में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों पर सुधारीकरण कर आवाजाही सुगम और सुरक्षित बनाई जाएगी। पहले चरण में नौ सड़कों के सुधारीकरण की मंजूरी मिली है।
आपदाकाल में सीमांत जिले की सड़कों को खासा नुकसान पहुंचा था। 50 से अधिक सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गईं। अब भी इन क्षतिग्रस्त सड़कों पर जिले की बड़ी आबादी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने के लिए मजबूर है। आपदाकाल बीतने के बाद इन सड़कों के सुधारीकरण के लिए सिस्टम जागा है। डीडीहाट, मुनस्यारी की नौ क्षतिग्रस्त सुधारीकरण की स्वीकृति मिली है। आपदा मद से इन सड़कों का कायाकल्प होगा। इसमें 21.50 लाख रुपये खर्च होंगे। इन सड़कों के सुधारीकरण से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। लोगों को खतरे के बीच आवाजाही नहीं करनी होगी और उनका सफर सुगम और सुरक्षित होगा।
मुनस्यारी विकासखंड में बरा-कालाधार सड़क पर भूस्खलन होने से कुछ मकानों को खतरा पैदा हुआ है। वहीं सड़क पर जगह-जगह मलबा डंप होने से बमुश्किल वाहनों की आवाजाही हो रही है। राज्य योजना के तहत इस सड़क से मलबा हटाने के साथ ही खतरे में आए मकानों के आगे सुरक्षात्मक कार्य होगा। इसमें 8,00,000 रुपये खर्च होंगे।
गिनी बैंड-समकोट सड़क पर दौड़ेंगे वाहन
आपदाकाल में मुनस्यारी विकासखंड में गिनी बैंड-समकोट सड़क भूस्खलन होने से वॉशआउट हो गई थी। ऐसे में इस सड़क पर लंबे समय से वाहनों की आवाजाही ठप है। क्षेत्र के लोगों को पैदल सफर तो बीमारों और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। अब पहाड़ काटकर नई सड़क का निर्माण होगा। ऐसे में इस पर फिर से वाहन दौड़ने की उम्मीद है। वहीं सड़क पर कलवर्ट और सुरक्षा दीवार का भी निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 16,00,000 रुपये खर्च होंगे।
इन सड़कों का होगा सुधारीकरण
सड़क लागत
बेड़ीनाग-ओगला 12,00,000
बरा-धामीगांव 4,75,000
सेराघाट-टांगा-बिंदी 4,75,000
सेराघाट-लोदी 1,50,000
दराती-ढीलम 8,50,000
डीडीहाट-पमस्यारी 1,25,000
बांसबगड़-गूठी 5,00,000
दरकोट-ग्रिफ कैंप 1,25,000
बाथीगूंठ-सुंदरीनाग 6,50,000आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों का जल्द सुधारीकरण किया जाएगा। इसका लाभ लोगों को मिलेगा और उनकी आवाजाही सुगम और सुरक्षित होगी। -अजय थपलियाल, ईई, लोनिवि, डीडीहाट