आपदा में सराहनीय काम करने वालों को सम्मानित करते वित्त मंत्री प्रकाश पंत
- फोटो : अमर उजाला
जिले में इस बार आई आपदा के समय बेहतरीन काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। टकाना उत्सवगृह में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कई लोगों को राज्य सरकार की ओर से प्रशस्ति पत्र दिए।
कार्यक्रम का आयोजन जिला महिला हथकरघा समिति की अध्यक्ष लीला बनंग्याल ने किया। कहा गया कि आपदा के समय त्वरित काम करने से ही लोगों को राहत पहुंचती है। हालांकि इस काम में जोखिम बहुत होते हैं, लेकिन संकट से घिरे लोगों को मदद पहुंचाने के लिए कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने साहसिक काम किया। इस मौके पर अमर उजाला धारचूला के पत्रकार कृष्णा गर्ब्याल को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने 13 अगस्त की देर रात मांगती में आई आपदा की कवरेज के लिए बड़ा जोखिम उठाया था।
वित्त मंत्री ने कहा कि आपदा से होने वाले नुकसान का स्तर कम करने के लिए और ज्यादा प्रयास की जरूरत है। यदि लोग टीम भावना और समन्वय से काम करें तो नुकसान का स्तर काफी कम किया जा सकता है। वित्त मंत्री ने मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान को विशेष रूप से सम्मानित किया। चौहान खतरनाक रास्तों को पार कर मालपा पहुंचने वाले पहले अधिकारी थे। उनके साथ धारचूला के तहसीलदार आईबी मल्ल भी मालपा पहुंचे। उनको भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर, पुलिस अधीक्षक अजय जोशी, धारचूला के एसडीएम आरके पांडे, एसडीएम सदर एसके पांडे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी आरएस राणा, सूचना अधिकारी गिरजा जोशी, पत्रकार शालू दताल, मयंक जोशी, विपिन गुप्ता आदि को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता महेंद्र लुंठी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।