रसोईगैस की किल्लत को लेकर पिथौरागढ़ नगर के टकाना में जाम लगाते उपभोक्ता
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ पर रसोई गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। लोगों के बढ़ते आक्रोश के बावजूद कोई ध्यान देने वाला नहीं है। इसी कारण शनिवार को बाद रविवार को रसोईगैस की किल्लत से परेशान टकाना क्षेत्र के लोगों ने भी विकास भवन और कलक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर जाम लगा दिया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसी की ओर से जब रसोईगैस सिलेंडरों का वितरण किया जाता है तो अधिकांश उपभोक्ताओं को वंचित कर दिया जाता है। इस तरह की अनियमितता से लोग खासे परेशान हैं।
आक्रोशित लोगों ने दो घंटे तक सड़क जाम कर दी। कहा कि इलाके में पहले रसोईगैस का वितरण रोज होता था, लेकिन अब इसमें व्यवधान आ गया है और कई लोग दिनभर रसोईगैस की गाड़ी का इंतजार करने के बाद शाम को खाली हाथ लौट रहे हैं। बाद में गैस एजेंसी के कर्मचारियों के समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया। इधर, गैस एजेंसी के प्रबंधक डीके जोशी का कहना है कि नगर में रसोईगैस की थोड़ी किल्लत जरूर है, लेकिन ऐसी नौबत भी नहीं है कि लोगों को जाम लगाना पड़ जाए। उन्होंने बताया कि टकाना में 25 अगस्त को रसोईगैस का वितरण किया गया था।
सप्ताह में इस इलाके में चार दिन रसोईगैस के सिलेंडरों का वितरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्लांट से नियमित सप्लाई न होने के कारण अकेले उनकी एजेंसी में 2500 का बैकलॉग हो गया है और रोजाना दो या तीन ट्रक ही यहां आ पा रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन ने बताया कि अब गैस एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि पहले उन लोगों को सिलेंडर दिया जाए जिनकी बुकिंग पहले हुई है। इसमें अनियमितता सहन नहीं की जाएगी।
वड्डा में एक माह बाद पहुंची रसोईगैस
वड्डा में एक माह बाद रसोईगैस की गाड़ी पहुंची तो लोग उमड़ पड़े। व्यवस्था बनाने में कर्मचारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि एक माह बाद रसोईगैस आई, उसमें भी कई लोग वंचित हो गए। लोगों की मांग है कि सप्ताह में कम से कम एक बार रसोईगैस का वितरण होना चाहिए, तभी स्थिति सामान्य हो पाएगी।