धारचूला नगरपालिका की बैठक में मौजूद अध्यक्ष एवं सभासद
- फोटो : अमर उजाला
पालिकाध्यक्ष राजेश्वरी देवी ने नगर में सीवर और पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। पालिका के गैराज में खड़े निजी वाहनों को हटाने के निर्देश अधिशासी अधिकारी पीएस बोरा को दिए। पुलिस से नगर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा।
पालिकाध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण, सड़क किनारे खड़े रहने वाले निजी वाहनों को हटाने, आवारा पशुओं को नगर से हटाने, पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाने, अस्थायी टैक्सी स्टैंड निर्माण करने, सभी वार्डों में सफाई अभियान चलाने और मीट मार्केट का हस्तांतरण आदि विषयों पर चर्चा की गई।
पालिकाध्यक्ष ने पालिका के भवन में रह रहे लोगों की जानकारी ईओ से मांगी। कर्मचारियों से काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सभासद प्रेमावती, जानकी देवी, प्रेमा गर्ब्याल और वीरेंद्र सिंह ने अपने वार्डों की समस्या रखी। बैठक में थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार, सफाई निरीक्षक श्रीकांत, पालिका के जेई कैलाश जोशी, जेई जल संस्थान सुरेंद्र थापा, भीम बहादुर, राकेश आदि थे। बैठक के बाद ईओ ने टीम के साथ नगर में दुकानदारों को दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाने को कहा। थानाध्यक्ष ने वाहन स्वामियों से सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने को कहा।