कारगिल विजय दिवस पर जिले के विभिन्न स्थानों पर शहीदों को याद किया गया। साथ ही वीर नारियों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस कर्मियों ने शहीदों को सलामी दी।
चंडाक रोड स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी एचसी सेमवाल, पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा, एसडीएम अनुराग आर्य, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी नंदन सिंह चुफाल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, रिटायर्ड ब्रिगेडियर विनोद कुमार चंद, कर्नल आरडी जोशी, कर्नल एसपी गुलेरिया के साथ ही सैन्य अधिकारियों, वीर नारियों, विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। डीएम ने कहा कि जिला मुख्यालय में 40 लाख रुपये की लागत से शहीदों की याद में स्मारक बनाया जा रहा है, इसका निर्माण अगले छह महीने के भीतर पूरा हो जाएगा। प्रशासन ने कारगिल शहीद जोहार सिंह की पत्नी लीला देवी, शहीद किशन सिंह सेना मेडल की पत्नी तनुजा देवी, शहीद गिरीश सामंत की पत्नी शांति सामंत और शहीद कुंडल सिंह बेलाल की मां कुंती देवी को सम्मानित किया।
शौर्य दिवस पर सेना मुख्यालय के महाराज के पार्क पर स्थित शहीद स्मारक में 119 इंडिपेंडेंट ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर राकेश मनोचा, जिलाधिकारी एचसी सेमवाल और सेना के अधिकारी, जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। वीरांगनाओं को सम्मानित भी किया गया। जिला न्यायालय में जिला जज सिकंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में शहीदों को याद किया गया। कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संस्था के पदाधिकारी और न्यायिक अधिकारी मौजूद थे। उक्रांद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी, केंद्रीय उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह धामी, डीडीहाट जिलाध्यक्ष जोध सिंह बोरा, प्रेम सिंह बोर आदि ने शहीद स्मारकों पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। भाजपा कार्यालय में जिला महामंत्री गोपू महर, मीडिया प्रभारी रघुवीर सिंह, पुष्कर भाटिया, गिरीश जोशी, बसंत जोशी आदि ने शहीदों को याद किया।
मल्लिकार्जुन स्कूल में कारगिल दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। प्रबंधक रचना जोशी, रिचा पंत, अकादमिक समन्वयक राजेश्वरी शर्मा ने सैनिकों की वीरता का बखान किया। उधर, थल आदर्श जीआईसी पांखू के एनसीसी कैडेट ने शहीदों की याद में रैली निकाली। चार्ट प्रतियोगिता कराई गई। इस दौरान प्रधानाचार्य भगवान सिंह कठायत, अजय कन्याल, एनसीसी आफीसर भूपाल सिंह मेहता, लाखी चमोली, भुवन पाठक आदि मौजूद थे।