पुल निर्माण की मांग को लेकर डीएम से मुलाकात
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट विकासखंड में चंडिकाघाट मंदिर के पास रामगंगा नदी पर 80 मीटर लंबा मोटर पुल 18 साल बाद भी नहीं बन सका है। इससे लोगों में नाराजगी है। पुल निर्माण की मांग को लेकर शिष्टमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को गंगोलीहाट से आए शिष्टमंडल ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह खाती के नेतृत्व में डीएम रीना जोशी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि लोनिवि के बेड़ीनाग डिवीजन से गंगोलीहाट दसाईथल, पोखरी, चौली होते हुए गराली तक सड़क का निर्माण किया गया है। गराली से चंडिकाघाट मंदिर के पास रामगंगा नदी पर 80 मीटर लंबे मोटर पुल को वर्ष 2006 में स्वीकृति मिली थी। वर्तमान तक सड़क का निर्माण नदी तक हो गया है। गंगोलीहाट से रामगंगा तक और पिथौरागढ़ सुवालेक से रसैपाटा तक रामगंगा नदी के किनारे तक सड़क कट चुकी है।
ये पढ़ें- Pithoragarh Protest: मजदूरों से मारपीट और अवैध वसूली को लेकर प्रदर्शन, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा बीच में पुल नहीं बनने के कारण दोनों विकासखंडों का मिलान नहीं हो पा रहा है। पुल निर्माण के लिए लोनिवि ने 2006 से अभी तक निविदाएं नहीं लगाई हैं। इस संबंध में लोनिवि से कई बार मांग कर चुके हैं लेकिन आज तक पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। पुल निर्माण को लेकर पूर्व में लोकसभा चुनाव बहिष्कार की घोषणा की गई थी। उस समय लोनिवि के अधिकारियों ने चुनाव होने के बाद पुल का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था मगर कुछ नहीं हुआ। ग्रामीणों ने शीघ्र पुल का निर्माण कार्य शुरू न होने पर चक्का-जाम करने की चेतावनी दी। इस मौके पर विक्रम बिष्ट, मनोज खत्री, निकांशा चंद, शोभा चंद मौजूद थे। इधर डीएम रीना जोशी का कहना है कि पुल निर्माण को लेकर लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।