नाचनी (पिथौरागढ़)। पीएमजीएसवाई की निर्माणाधीन राया-बजेता सड़क बारिश के कारण भूस्खलन होने से पिछले चार दिन से बंद पड़ी है। राया और बजेता ग्राम पंचायतों की सस्ता गल्ला की दुकानों के लिए भेजा जा रहा राशन भी रास्ते में अटका हुआ है। विभाग और ठेकेदार को बताने के बाद भी सड़क मार्ग अभी तक नहीं खोले जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
पिछले चार दिनों से राया-बजेता निर्माणाधीन सड़क में हो रहा भूस्खलन लोगों के लिए मुसीबत बना है। ग्रामीणों को इस सड़क से आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि भूस्खलन के कारण ग्राम पंचायतों का राशन पिछले कुछ दिनों से रास्ते में ही अटका हुआ है। सड़क के मलबे के कारण पैदल मार्ग भी ध्वस्त हो चुके हैं। निर्माणाधीन सड़क मार्ग के कटने से राया ग्राम के रमेश राम, शेर राम, ललित राम, टीका राम के मकानों को खतरा हो गया है। पिछले दिनों की बारिश में ही इनके घर के आंगन में दरारें आनी शुरू हो गई है। हल्की सी बारिश शुरू होते ही रात भर जागकर पहरा देना पड़ रहा है। प्रभावित लोगों ने कहा कि मकानों की सुरक्षा के लिए दीवार लगाई जानी जरूरी है। विभाग को बताने के बाद भी सड़क नहीं खुलने पर ग्रामीणों ने मामले में डीएम को ज्ञापन देकर कार्यवाही की मांग की है।