पिथौरागढ़। सरकारी विद्यालयों में शिक्षक की कमी विद्यार्थियों पर भारी पड़ रही है। कई विद्यालयों में एक दो नहीं पूरे विषयों में शिक्षक नहीं हैं। इससे परेशान बच्चों को घर पर ही पढा़ई करनी पड़ती है। लंबे समय से अभिभावक शिक्षा विभाग से नियुक्ति करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी नियुक्ति को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
सीमांत तहसील मुनस्यारी के राइंका धामीगांव मेें शिक्षकों की मांग को लेकर शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष केशर सिंह की अनुवाई में कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां अभिभावकों ने डीएम रीना जोशी से मुलाकात कर विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की। अभिभावकों ने कहा कि इंटरमीडिएट में हिंदी, अर्थशास्त्र, भूगोल, अंग्रेजी, राजनीतिशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान के पद रिक्त हैं। इस कारण छात्र-छात्राएं घरों में ही पढ़ाई करने को मजबूर हैं। हाईस्कूल स्तर पर कला और हिंदी विषय के शिक्षक नहीं हैं। अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में लिपिक के तीन पद स्वीकृत हैं। वर्तमान एक भी लिपिक कार्यरत नहीं है।
शिक्षा विभाग को इस संबंध में कई बार बता दिया है। इसके बाद भी नियुक्ति को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। हमेशा अभिभावकों को कोरे आश्वासन दिए जा रहे हैं। इस दौरान डीएम ने अभिभावकों को शिक्षकों की नियुक्ति करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंदन धामी, मोहन राम, बिशन सिंह सहित कई अभिभावक मौजूद रहे।