पिथौरागढ़ के भाटकोट में बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त दीवार। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मंगलवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज गरज और चमक के साथ बारिश हुई। इस दौरान जिला मुख्यालय सहित विभिन्न हिस्सों में हल्के ओले भी गिरे। भाटकोट में पार्क के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट में बिजली गिरने से रेलिंग की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
लगातार तीसरे दिन भी सीमांत जिले में बारिश हुई। मंगलवार की सुबह मौसम सामान्य रहा। दोपहर में बादल घिरने शुरू हुए। इसके बाद शाम के समय तेज हवाओं और गरज एवं चमक के साथ बारिश हुई। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के अलावा कनालीछीना, अस्कोट, नाचनी क्षेत्रों में हल्की और मध्यम बारिश हुई। मुनस्यारी में भी तेज गरज के साथ बारिश हुई। खराब मौसम के दौरान पिथौरागढ़ के भाटकोट में पार्क में स्थित रेस्टोरेंट के समीप वज्रपात हुआ, जिससे रेलिंग की दीवार टूट गई। उस समय आसपास के किसी के मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। इसके अलावा कुछ स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि भी हुई। ओले गिरने से सब्जियों को नुकसान पहुंच रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में विवाह समारोह थे। मौसम का मिजाज बिगड़ने से शादी समारोहों के साथ ही पार्टियों में कुछ देर के लिए व्यवधान पड़ा। बाद में मौसम सामान्य होने पर लोगों ने राहत महसूस की।