पिथौरागढ़। डाक विभाग ने पिथौरागढ़ और चंपावत में रेल टिकट बुक कराने के लिए खोले गए केंद्र बंद कर दिए हैं। ऐसे में यात्रियों को मजबूरन साइबर कैफे में अधिक धन देकर टिकट बुक कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
रेल में सफर करने वाले चंपावत और पिथौरागढ़ पहाड़ी जिलों के यात्रियों की सुविधा के लिए डाकघरों में रेलवे टिकट बुकिंग केंद्र खोले गए थे। चंपावत में एक तो पिथौरागढ़ में प्रधान डाकघर और धारचूला डाकघर में केंद्र संचालित थे। इनके जरिये आम यात्रियों के साथ ही सेना के जवान रेल टिकट बुक कराते थे और इन्हें इसके लिए टनकपुर-हल्द्वानी पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा था।
अचानक डाक विभाग ने तीनों डाकघरों में रेलवे टिकट बुकिंग केंद्र पर ताले लगा दिए हैं जिससे यात्री परेशान हैं। हर रोज 30 से 50 यात्री टिकट बुक कराने के लिए इन डाकघरों में तो पहुंच रहे हैं लेकिन इन्हें बैरंग लौटना पड़ रहा है। डाक विभाग के केंद्र संचालन से हाथ पीछे खींचने से यात्रियों को साइबर कैफे में अधिक धन देकर टिकट बुक कराना पड़ रहा है।
पिथौरागढ़ डाकघर में टिकट बुकिंग केंद्र में खोल दिया आधार केंद्र
चंपावत, पिथौरागढ़ और धारचूला डाकघर में रेलवे टिकट बुकिंग केंद्र बंद कर डाक विभाग ने यहां स्थापित मशीनरी समेट दी है। प्रधान डाकघर पिथौरागढ़ में टिकट बुकिंग केंद्र की जगह आधार केंद्र संचालित कर दिया गया है। केंद्रों के बंद होने से दोनों जिलों के यात्री काफी परेशान हैं।
पिथौरागढ़ और चंपावत में रेल के बेहद कम टिकट बुक हो रहे थे। ऐसे में निदेशालय ने इन केंद्रों को बंद करने का फैसला लिया है। उच्च स्तर पर ही यह निर्णय लिया गया है। - आरके बिनवाल, डाक अधीक्षक, पिथौरागढ़