पिथौरागढ़। सीमांत जिले में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड बंद था। स्वास्थ्य विभाग ने अल्मोड़ा से व्यवस्था के तहत रेडियोलॉजिस्ट की मांग की गई थी। रेडियोलॉजिस्ट यहां पहुंच गए हैं। सोमवार से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड हो सकेंगे।
जिला अस्पताल में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट पर जिले भर के मरीजों का अल्ट्रासाउंड करने की जिम्मेदारी है। बीते मंगलवार को रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड ठप हो गए थे। ऐसे में रोजाना धारचूला, मुनस्यारी, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, कनालीछीना, मूनाकोट सहित जिले के विभिन्न हिस्सों से 50 से अधिक गर्भवतियाें और अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए मजबूरी में प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए परेशानियों का सामना करना न पड़े इसके लिए विभाग ने अल्मोड़ा जिले से रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की है। वह 15 दिन रोस्टर के तहत जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में मरीजों और गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड करेंगे।
कोट
रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे थे। गर्भवतियों और अन्य मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए अल्मोड़ा से रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की गई है। सोमवार से 15 दिन वह अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करेंगे। - डॉ. भागीरथी गर्ब्याल, सीएमओ, पिथौरागढ़