इस हाल में पहुंची बलुवाकोट-पय्यांपौड़ी सड़क
- फोटो : अमर उजाला
चौड़ीकरण का कार्य होने से बलुवाकोट से पय्यांपौड़ी जाने वाली सड़क दो माह से बंद है। लोग जगह-जगह वाहन बदलकर आ-जा रहे हैं। इस तरह की प्रक्रिया में उनको दोगुना ज्यादा भाड़ा देना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से पय्यांपौड़ी के लिए दो महीने से रसोईगैस का वाहन नहीं गया है और 108 आपात वाहन भी नहीं पहुंच पा रहा है। सरकारी सस्ते-गल्ले की दुकान का राशन भी मजदूरों के जरिए ढोकर पहुंचाना पड़ रहा है।
इस सड़क का एडीबी निर्माण खंड की ओर से इन दिनों चौड़ीकरण किया जा रहा है। सड़क गटकूना के पास इतनी खराब हालत में है कि वहां पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। सड़क को चौड़ा करने के लिए इस तरह कटिंग की गई है कि कई जगह चट्टानें दरककर सड़क पर गिर गई हैं। ग्राम प्रधान बंशी राम ने जिलाधिकारी को पत्र देकर कहा कि दो महीने से सड़क बंद होने से पय्यांपौड़ी क्षेत्र की चार हजार की जनसंख्या परेशान है। जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र थापा ने धारचूला के एसडीएम आरके पांडे को पत्र देकर शीघ्र सड़क खुलवाने की मांग की है।
एसडीएम ने एडीबी के अधिकारियों से कहा है कि सड़क को शीघ्र खोला जाए। बलुवाकोट से पय्यांपौड़ी की दूरी 15 किलोमीटर है। लोगों को इसी सड़क से होकर बलुवाकोट आना पड़ता है। इधर, बारिश की रफ्तार कम होने के बाद भी सड़क से मलबा हटाने का काम तेज न होने से लोग खासे नाराज हैं।
डीडीहाट-भनड़ा सड़क लंबे समय से बंद
डीडीहाट। डीडीहाट से भनड़ा जाने वाली सड़क लंबे समय से बंद है, इससे डूंडीगांव, कांडे, बरला, लोहारगांव, बलगड़ी, ओड़ागांव और भनड़ा के लोग संकट में हैं। सामाजिक कार्यकर्ता इंदर सिंह, गणेश सिंह, नंदन सिंह, हरीश सिंह, जगदीश सिंह, त्रिभुवन सिंह आदि ने कहा कि सड़क पर गिरा हुआ मलबा नहीं हटाया गया है। टूटे हुए कलमठों की मरम्मत नहीं की गई है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र देकर सड़क खोलने की मांग की है।