बेड़ीनाग में लोनिवि दफ्तर के सामने प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
कालीविनायक-हजेती मार्ग की दुर्दशा के खिलाफ शुक्रवार को क्षेत्र के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में तालाबंदी कर कामकाज ठप कराया और धरना दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शन में दर्जन भर गांवों के सैकड़ों लोग शामिल थे।
धरनास्थल पर हुई सभा में ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष चारू पंत ने कहा कि विभाग द्वारा सड़क पर घटिया डामरीकरण कराया जा रहा है। सड़क पर झाड़ियां उग आई हैं। सुरक्षा दीवारें भी नहीं बनाई गई हैं। सड़क पर मलबा फैला है जो लगातार दुर्घटना को दावत दे रहा है। ज्येष्ठ उप प्रमुख केसी पंत ने कहा कि सड़क कटने के 12 साल बाद भी किसानों को जमीन का मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने वर्तमान दर पर मुआवजा दिलाने की मांग रखी। ग्राम प्रधान नंदन राम ने कहा कि इस सड़क पर हुए घोटालों की जांच की जानी चाहिए।
बाद में लोनिवि के सहायक अभियंता डीसी तिवारी ने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि शनिवार से सड़क से मलबा हटाने और झाड़ी कटाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अन्य कार्यों के प्रस्ताव अनुमोदन के बाद शुरू कर देंगे। लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया। प्रदर्शन में प्रधान कमल पंत, आनंद बोरा, पुरुषोत्तम पंत, पूरन राम सहित कनेड़ा, बुडेरा, हपलेत, पिनारी, गडेरा, कालासीला, बरसायत, पड़ियात आदि गांवों के लोग शामिल थे।