पिथौरागढ़। पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने जिला अस्पताल में ऑक्सीजन यूनिट संचालन के लिए जरूरी मशीनें उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य सचिव को दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने आरटीपीसीआर सैंपलिंग और सिटी स्कैन के लिए तकनीशियन की तैनाती करने को कहा।
बुधवार को पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर कोविड संक्रमण के उपचार और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर, आवश्यक दवा, अन्य उपकरण समेत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश पीएमएस को दिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय में निर्मित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट भवन का निरीक्षण किया। पीएमएस केसी भट्ट ने बताया कि ऑक्सीजन जनरेशन मशीन शासन से प्राप्त नहीं हुई है। पेयजल मंत्री चुफाल ने मौके पर ही स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र ही ऑक्सीजन यूनिट के लिए आवश्यक मशीनें आदि की आपूर्ति करने के साथ ही बेस चिकित्सालय में आरटीपीसीआर सैंपलिंग और सिटी स्कैन को तकनीशियन शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा आदि मौजूद रहे।