जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विभिन्न विभागों की जिला एवं राज्य योजनांतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। पिथौरागढ़ नगर में सीवेज लाइन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में सीवेज लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है वहां जनता को तत्काल कनेक्शन देने का काम शुरू किया जाए।
आंवलाघाट पंपिंग योजना के बारे में अधिशासी अभियंता पेयजल निगम आरएस धर्मशक्तू ने बताया कि तीसरे वैल का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बक्सील में भी एक अतिरिक्त टैंक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। नगरीय क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने हुड़ेती सोलर पंपिंग योजना को एक सप्ताह में जल संस्थान को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। डीडीहाट नगर के लिए निर्माणाधीन पंपिंग पेयजल योजना के संबंध में बताया गया कि वर्तमान में 750 मीटर पहाड़ कटिंग का कार्य गतिमान है। डीएम ने पांच करोड़ की लागत से धारचूला नगर के लिए निर्माणाधीन कुलागाड़ पेयजल योजना के कार्य को तेजी से करने के निर्देश दिए।
गंगोलीहाट खंड के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल लाइनों के निर्माण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन योजनाओं में कार्य कम अवशेष हैं उन्हें जल्द पूरा करने के लिए प्राथमिकता से धनराशि का प्रावधान रखा जाए। बैठक में अधिशासी अभियंता पेयजल निगम गंगोलीहाट अनूप पांडेय, अधिशासी अभियंता जल संस्थान डीडीहाट अवधेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश ढकरियाल, होम्योपैथी अधिकारी डॉ. आनंद भट्ट, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफीस जमील, गणेश कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बेस अस्पताल का 53 फीसदी कार्य पूरा
पिथौरागढ़। समीक्षा बैठक में जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन बेस चिकित्सालय भवन के निर्माण की प्रगति के बारे में बताया गया कि वर्तमान में कुल 53 फीसदी कार्य कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त दो स्थानों डूंगरी, आनागांव में स्वास्थ्य उप केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है। होम्योपैथी विभाग का भी मुनस्यारी में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण लगभग पूरा है। जिलाधिकारी ने होम्योपैथी अधिकारी को निर्देश दिए कि वह भवन हस्तांतरण से पहले किए गए कार्यों का स्वयं जाकर निरीक्षण करें। सभी काम पूरे होने के बाद ही भवन का हस्तांतरण करें। आयुर्वेदिक विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन छह स्वास्थ्य भवनों के निर्माण इसी वित्तीय वर्ष में पूरा करने के निर्देश दिए।