लोगों ने कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ नगर के वरदानी मंदिर के पास बने पार्क में कैंटीन निर्माण के लिए जिले का बजट खर्च हुआ है और इसके संचालन की जिम्मेदारी बाहरी व्यक्ति को दी गई है। इससे नाराज लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए कैंटीन का निर्माण किया गया है, लेकिन बाहरी व्यक्ति को इसके संचालन की जिम्मेदारी देना उनकी अनदेखी है।
शुक्रवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के युवा और महिलाएं कलक्ट्रेट पहुंचीं और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वरदानी मंदिर के पास बने पार्क में पर्यटन विभाग ने स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कैंटीन का निर्माण किया है। नियमों की अनदेखी कर इसके संचालन की जिम्मेदारी बाहरी व्यक्ति को दी गई है।
ये पढ़ें- Pithoragarh: पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत 34 प्रशिक्षणार्थियों को दिए टूल किट, PM मोदी के संबोधन को सुना
वन पंचायत बजेटी के अंतर्गत आने वाले इस कैंटीन के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को मिलनी चाहिए ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। कहा ऐसे में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए चलाई जा रहीं योजनाएं फेल हैं। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थानीय लोगों को कैंटीन संचालन की जिम्मेदारी नहीं मिली तो वे सड़कों पर उतरेंगे। प्रदर्शन करने वालों में उषा देवी, अरुणा देवी, अनीता देवी, प्रशांत विश्वकर्मा, पारस कुमार, हर्ष राज, सरस्वती देवी, गजेंद्र प्रसाद, प्रियांशु सहित कई लोग शामिल रहे।
इस संबंध में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी का कहना है कि वरदानी मंदिर की कैंटीन के संचालन का कार्य टेंडर के माध्यम से किया गया। वहां पर पर्यटन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इस तरह के कार्यों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।