पिथौरागढ़। जीआईसी पीपलकोट के प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक 1988 से शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे हैं। उन्होंने 2009 से पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए होली, दीपावली व राखी पर्वों को पर्यावरण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल चला रखी है।
मोहन चंद्र होली और दीपावली पर ईको फ्रेंडली त्योहार मनाने के लिए पौधरोपण करवाकर लोगों और बच्चों को प्रेरित करते आ रहे हैं। राखी पर स्कूली बच्चों से पौधरोपण कराकर उन्हें राखी बंधवाते हैं ताकि वह इन पौधों की देखभाल भाई या बहन की तरह पेड़ बनने तक करते रहें। प्रधानाचार्य पाठक ने अल्मोड़ा जनपद के जीआईसी, नौला, गुरुड़ाबांज, दन्या, चंपावत के दिगालीचौड़, देवीधूरा, पिथौरागढ़ के गोरंगचौड़, पय्यांपौड़ी, नैनीसैनी, तेजम और एसडीएस जीआईसी में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य किया।
पिछले कुछ समय से जीआईसी पीपलकोट में तैनात प्रधानाचार्य पाठक अपनी इस पहल को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल से ही पर्यावरण संरक्षण की सीख दी जाए तो यह कारगर साबित हो सकती है। इसके लिए बस काम करने का जुनून होना चाहिए।
पर्यावरण मित्रों को स्वच्छता की शपथ दिलाई
पिथौरागढ़। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर नगरपालिका के पर्यावरण मित्रों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ पिथौरागढ़ सुंदर पिथौरागढ़ में पर्यावरण मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर 140 पर्यावरण मित्रों को साबुन वितरित किए गए। पर्यावरण मित्रों ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे। वहां पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत, प्रकाश जोशी, इंद्र लुंठी, विप्लव भट्ट, विकास कुमार, सुंदर लाल, अनिल कुमार, रोहिताश कुमार, कृपाल लाल आदि थे। संचालन जुगल किशोर पांडे ने किया। संवाद