पिथौरागढ़। पीएम के कार्यक्रम का जायजा लेने पिथौरागढ़ पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक नाता है। उन्होंने उत्तराखंड को हमेशा कुछ ना कुछ दिया है आगे भी देंगे। उनका पिथौरागढ़ आना हमारे लिए गर्व की बात है।
हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि पीएम का पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा दौरा खुशहाल और ऐतिहासिक रहेगा। पीएम जागेश्वर में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री के आने के बाद चार धाम का विकास हुआ है। अभी तक 47 लाख से अधिक श्रद्धालु चार धाम के दर्शन कर चुके हैं। अभी यात्रा में एक माह 10 दिन का समय बचा हुआ है। यह आंकड़ा और बढ़ेगा जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा। पीएम ने बाबा केदार की भूमि से कहा था कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा जिसके बाद उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह केदारखंड कॉरिडोर का विकास हुआ है उसी तरह मानसखंड कॉरिडोर और सर्किट का विकास होगा। पीएम ने उत्तराखंड के लिए पूर्व में डेढ़ लाख करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति दी है। सीएम धामी ने कहा कि जल्द ही बागेश्वर-टनकपुर रेलवे लाइन का कार्य भी आगे बढ़ेगा। नैनीसैनी हवाई अड्डे से भी हवाई सेवा शुरू की जाएगी। सीएम ने कहा कि मानसखंड कॉरिडोर की अवधारणा को हमने शुरू किया था। उसे पीएम ने नौ रत्नों में शामिल किया है।
पिथौरागढ़ में उत्सव जैसा माहौल : धामी
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा स्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से पिथौरागढ़ में उत्सव जैसा माहौल है। प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्र में लोग प्रधानमंत्री का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री सुबह 11:45 बजे नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंचे। इसके बाद सीएम ने सांसद अजय टम्टा, जनसभा संयोजक मंत्री गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य आदि नेताओं के साथ नैनीसैनी हवाई पट्टी से जनसभा स्थल स्टेडियम आने तक के मार्ग का निरीक्षण किया। स्टेडियम में सभी व्यवस्थाओं को परखा। इसके बाद सीएम पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रधानमंत्री की जनसभा को जी-जान से सफल बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर विधायक विशन सिंह चुफाल, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व विधायक चंद्रा पंत आदि मौजूद रहे।