एनएचपीसी के हड़ताली संविदा मजदूरों और एनएचपीसी प्रबंधन के बीच अब तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। प्रबंधकों ने संविदा मजदूर संगठन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव के खिलाफ एनएचपीसी परिसर को जाने वाली बिजली और पानी की लाइन में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसकी जानकारी मिलते ही मजदूर बौखला गए और थाने पहुंचे। सीओ हिमांशु साह और थाना प्रभारी बलवंत कांबोज ने मजदूरों को आश्वासन दिया कि बिना जांच के कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। मजदूरों का कहना है कि एनएचपीसी के अधिकारी समस्या का समाधान करने के बजाए तनाव की स्थिति को बढ़ावा दे रहे हैं।
एनएचपीसी के संविदा मजदूर पिछले दिनों दुर्घटना में मरे अपने साथी दान सिंह धामी के परिजनों को दस लाख रुपये मुआवजा देने और निष्कासित मजदूर नेता उदय सिंह की बहाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन ने इन मांगों को मानने से इनकार कर दिया है। शुक्रवार को संविदा मजदूर संगठन के अध्यक्ष उदय सिंह, उपाध्यक्ष अनूप सिंह, महासचिव विनोद कुमार के खिलाफ थाने में तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज हुई। इसकी जानकारी मिलते ही मजदूर थाने पहुंच गए। बाद में मजदूरों ने रामलीला मैदान में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। मजदूरों का कहना है कि प्रबंधन मुख्य मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए यह कदम उठा रहा है। मजदूरों की हड़ताल से एनएचपीसी की धौलीगंगा परियोजना के कामकाज पर असर पड़ रहा है। प्रदर्शन में नरेंद्र भंडारी, लक्ष्मण बोरा समेत बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए।