डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट विकासखंड की लगभग 50 हजार आबादी को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। सीएचसी में अल्ट्रासाउंड नहीं होने के कारण गर्भवतियों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डीडीहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना कई गर्भवतियां इलाज और जांच के लिए पहुंचती हैं। चिकित्सकों की ओर से हर गर्भवती को तीसरे, सातवें और आठवें माह शिशु की जांच के लिए अल्ट्रासाउंड कराने के लिए कहा जाता है।
डीडीहाट में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था न होने से गर्भवतियों और उनके परिजनों को 50-60 किमी दूर जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोग कई वर्षों से सरकार से डीडीहाट सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन को स्थापित करने और सप्ताह में एक दिन जिला अस्पताल से अल्ट्रासांउड के चिकित्सक को डीडीहाट भेजने की मांग कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. एचसी ह्यांकी ने बताया कि सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की जाएगी। शासन को भी सीएचसी के उच्चीकरण के लिए पत्र भेजा गया है।
कोट
सीएचसी के उच्चीकरण के लिए फाइल शासन में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से जल्द ही सीएचसी को उच्चीकृत करने की मांग की जाएगी। सीएचसी के उच्चीकृत होते ही अल्ट्रासांउड सहित कई आधुनिक मशीन आने के साथ ही चिकित्सकों की नियुक्ति हो जाएगी। - बिशन सिंह चुफाल, विधायक डीडीहाट।