पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र 14 दिन से बंद है। इस कारण रोगियों को सस्ती दवा नहीं मिल रही है। रोगी और तीमारदार मजबूरी में महंगी दवा खरीदने को मजबूर हैं। लोगों ने शीघ्र प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की मांग की है।
जिला चिकित्सालय के पास रोगियों को सस्ते दामों में दवा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोला गया था। जन औषधि केंद्र के बंद होने से गरीबों लोग खुले बाजार से महंगी दवाएं खरीद रहे हैं। बताया जा रहा है कि जन औषधि केंद्र का संचालन करने वाले लोग जन औषधि केंद्र खोलने के लिए अस्पताल के भीतर जगह मांग कर रहे हैं, लेकिन अस्पताल के अंदर रोगियों को सुलाने के लिए ही पर्याप्त जगह नहीं है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र जन औषधि केंद्र खोलने की मांग की है। सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी का कहना है कि जन औषधि केंद्र के लिए अस्पताल के अंदर जगह मांगी जा रही है। अस्पताल के अंदर वैसे ही जगह नहीं है। औषधि केंद्र संचालकों को पुरानी जगह पर ही संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं।