बंगापानी के माणीधामी गांव से 92 वर्षीय बुजुर्ग को पेंशन निकालने के लिए इस तरह ग्रामीणों ने कुर्
- फोटो : बंगापानी के माणीधामी गांव से 92 वर्षीय बुजुर्ग को पेंशन निकालने के लिए इस तरह ग्रामीणों ने कुर्सी की डोली बनाकर बैंक पहुंचाया। स्रोत: जागरूक
बंगापानी ( पिथौरागढ़)। बंगापानी तहसील के माणीधामी गांव निवास 92 वर्षीय बुजुर्ग उत्तम सिंह को ग्रामीणों ने डोली के सहारे सात किमी पैदल चलकर बंगापानी पहुंचाया। यहां पेंशन निकालने के बाद उन्हें फिर डोली के सहारे गांव तक पहुंचाया गया। लंबे समय से लोग सरकार से गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं लिया जा रहा है। सड़क नहीं होने का खामियाजा बुजुर्ग, गर्भवती और बीमार लोगों को झेलना पड़ रहा है। इसके बाद भी उनका दर्द सरकार और अधिकारियों को नहीं दिख रहा है।
बंगापानी तहसील के माणीधामी गांव में सड़क नहीं होने के कारण लोग लगातार पलायन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को गांव के बुजुर्ग उत्तम सिंह का स्वास्थ्य खराब होने और बैंक से वृद्धा अवस्था पेंशन निकालने के लिए कुर्सी की डोली बनाकर ग्रामीणों ने उन्हें बंगापानी पहुंचाया। सड़क नहीं होने के कारण इस गांव के लोग छह से सात किमी पैदल चलकर लोग आए दिन मरीजों और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वह लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। वह इस संबंध में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मिल चुके हैं। इसके बाद भी गांव तक सड़क पहुंचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से लोगों की परेशानी को देखते हुए शीघ्र सड़क का निर्माण करने की मांग की है। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं करने पर बंगापानी तहसील में आंदोलन करने की चेतावनी दी है।