पिथौरागढ़। रिठायत गांव निवासी अंजना देवी ब्यूटी पार्लर का व्यवसाय कर अपनी आर्थिकी को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया है।
अंजना ने ग्रामोत्थान से 30 हजार रुपये का सहयोग और जिला सहकारी बैंक गंगोलीहाट से 50 हजार रुपये का ऋण, 20 हजार रुपये स्वयं वहन कर खिरमांडे मुख्य बाजार में ब्यूरी पार्लर खोला। शुरुआत में उन्हें ब्यूटी पार्लर के संचालन में दिक्कतें आईं लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और धीरे-धीरे ग्रामीण महिलाओं को अंजना का काम पसंद आने लगा। अब क्षेत्र की महिलाएं अन्य दिनों के अलावा त्योहार और शादी के सीजन में उनके ही ब्यूटी पार्लर में आती हैं।
अंजना इस व्यवसाय से सालाना लगभग 85 हजार रुपये की आमदनी कर लेती हैं। अंजना बताती है कि पहले वह घर में कृषि कार्य करती थीं लेकिन उससे उनकी नियमित आय नहीं होती थी। वह अपना उद्यम शुरू करना चाहती थीं जिसके लिए उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व ब्यूटी पार्लर पर प्रशिक्षण लिया था। वित्तीय सहायता नहीं होने के कारण वह अपना उद्यम शुरू नहीं कर पा रही थीं।
इस बीच उन्हें ग्राम संगठन की बैठक में रीप परियोजना की व्यक्तिगत उद्यम योजना के बारे में पता चला। इस पर उन्होंने नीलकंठ महादेव स्वायत्त सहकारिता की सहायता से योजना के लाभ के लिए आवेदन किया। स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने अपना उद्योग स्थापित किया। अब वह ब्यूटी पार्लर में कॉस्मेटिक की सामग्री का भी व्यवसाय कर रही हैं।
अंजना नीलकंठ महादेव स्वायत्त सहकारिता की हैं शेयर धारक
अंजना देवी एसआरएलएम के जय माता दी स्वयं सहायता समूह की सदस्य और नीलकंठ महादेव स्वायत्त सहकारिता गंगोलीहाट की शेयर धारक हैं। वह गांव की महिलाओं को स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित भी करती हैं।