पिथौरागढ़। मूनाकोट की गौरीहाट निवासी कमला खेड़ा कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र और साइबर सेंटर संचालित कर अपनी आर्थिकी को मजबूत कर रही हैं। कमला कंप्यूटर इंस्टीट्यूट से सालाना दो लाख रुपये की आमदनी कर रही हैं।
कमला ने रीप परियोजना से 75 हजार रुपये और ग्रामीण बैंक गौरीहाट से दो लाख रुपये ऋण लेकर कंप्यूटर इंस्टीट्यूट और साइबर का व्यवसाय शुरू किया। कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में बच्चों को प्रशिक्षण दे रही हैं। इससे कमला प्रतिमाह 15 से 16 हजार रुपये की आमदनी कर रही है। कमला ने बताय कि वह कंप्यूटर इंस्टिट्यूट को संचालित करने से पूर्व खेती कर अपनी आजीविका चला रही थीं। इससे नियमित आय नहीं होती थी। गांव में रोजगार के अवसर काफी कम हैं इसलिए उन्होंने स्वयं का उद्यम स्थापित किया। उन्हें ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के प्रशिक्षण कार्यक्रम से स्वरोजगार करने के लिए प्रेरणा मिली। कमला ने स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ाकर गांव की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया है।
कमला दुर्गा उत्पादक समूह की हैं अध्यक्ष
पिथौरागढ़। कमला खेड़ा दुर्गा उत्पादक समूह की अध्यक्ष और मनमहेश स्वायत्त सहकारिता आजीविका संघ गौरीहाट मूनाकोट की शेयर धारक हैं। संवाद