पिथौरागढ़। बिण ब्लॉक के सिंतोली गांव को आदर्श ग्राम बनाने में कृषि, उद्यान, मत्स्य विभाग की ओर से सहयोग किया जा रहा है। कृषि विभाग सिंतोली गांव को आदर्श ग्राम में विकसित करने के लिए 10 लाख रुपये की लागत से सिंचाई टैंक और चेक डैम का निर्माण करेगा।
विभाग पीएमकेएसवाई योजना के तहत सिंतोली में फसलों की सिंचाई के लिए चार से पांच सिंचाई टैंक और दो चेक डैम का निर्माण करेगा। सिंतोली गांव के अधिकतर लोग खेतीबाड़ी से ही अपनी आजीविका चलाते हैं। इससे गांव के सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे। गांव के किसान पूर्व में 50 लाख से अधिक मूल्य की सब्जी का उत्पादन कर चुके हैं। विभाग का उद्देश्य किसानों की फसलों के लिए पर्याप्त पानी को उपलब्ध कराना है ताकि फसलों और सब्जियों का उत्पादन अधिक हो सके।
किसान एंटीहेलनेट, मल्चिंग सीट से खेती
पिथौरागढ़। उद्यान विभाग भी सिंतोली गांव के किसानों को आधुनिक तरीकों से खेती करने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके लिए एंटीहेलनेट, मल्चिंग सीट, हाईब्रिड बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे किसानों के फल-सब्जियों का अच्छा उत्पादन होता है। विभाग ने अब तक सिंतोली गांव में दो से तीन हेक्टेयर में मल्चिंग सीट, सात हजार मीटर वर्ग फुट एंटीहेलनेट और तीन से चार हेक्टेयर में हाइब्रिड बीज का उपयोग किया है। इसमें किसानों को 75 प्रतिशत तक का अनुदान दिया गया। मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनय कुमार ने बताया कि सिंतोली गांव में एंटीहेलनेट, मल्चिंग सीट, हाइब्रिड बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। वर्तमान में सिंतोली गांव में सेब, आडू, खुमानी आदि फलों और सब्जियों का उत्पादन अधिक हो रहा है। संवाद
विभाग जल्द ही सिंतोली गांव में सिंचाई टैंक और चेक डैम निर्माण का कार्य शुरू करेगा। फसलों, सब्जियों का उत्पादन बढ़ने से किसानों को लाभ पहुंचेगा।
-अमरेंद्र कुमार चौधरी, मुख्य कृषि अधिकारी, पिथौरागढ़।