पिथौरागढ़। मुनस्यारी ब्लॉक के ग्राम साइपोलो निवासी मीना देवी ने सिलाई का व्यवसाय कर अपनी आर्थिकी को मजबूत किया है। मीना देवी सिलाई व्यवसाय से सालाना 75600 रुपये की आमदनी कर रही हैं।
मीना ने एनआरएलएम के अल्ट्रा पुअर पैकेज के तहत 35 हजार रुपये ऋण लिया। इससे उन्होंने सिलाई मशीन और पिको मशीन को क्रय कर अपना सिलाई व्यवसाय प्रारंभ किया। मीना सिलाई व्यवसाय से प्रतिमाह 6300 रुपये की आमदनी कर रही हैं। वह अपने सिलाई दुकान के खर्चे के बाद भी प्रतिमाह पांच हजार रुपये की बचत करती हैं। मीना बताती है कि वह अपनी आजीविका चलाने के लिए खेती तो कभी मजदूरी का कार्य करती थीं। इससे उनकी नियमित आय नहीं हो पाती थी। वर्तमान में स्वयं का स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया है।
सिलाई का 30 दिनी प्रशिक्षण लिया
पिथौरागढ़। मीना ने सिलाई व्यवसाय को शुरू करने से पूर्व ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से 30 दिनी प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने नाप ले-आउट के अनुसार कपड़े की कटिंग, मशीन के कलपुर्जें, मशीन चलाना, रखरखाव, फॉल, पिको करना, तुरपाई आदि कार्य का प्रशिक्षण लिया। मीना सिलाई व्यवसाय के साथ अन्य दो महिलाओं को भी सिलाई का काम सिखा रही हैं। संवाद
मीना गुलाब स्वयं सहायता समूह की हैं सदस्य
पिथौरागढ़। मीना देवी गुलाब स्वयं सहायता समूह की सदस्य हैं। वह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार करने के लिए प्रेरित हुईं। उन्होंने रीप की कई योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर स्वयं का उद्यम स्थापित किया।