पिथौरागढ़। सिमलगैर स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में तैनात दो पुलिस कर्मियों के बीच मारपीट और बंदूक तानने के मामले में एसपी ने गार्द में तैनात तीनों पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। कोतवाल पिथौरागढ़ को मामले की जांच सौंपी है।
12 जून को एसबीआई की मुख्य शाखा में तैनात दो पुलिस कर्मियों के बीच देरी से आने को लेकर मारपीट हो गई थी। बीच सड़क पर हुई मारपीट और गाली-गलौच इतनी बढ़ गई कि एक सिपाही ने दूसरे पर बंदूक भी तान दी थी।
सड़क पर चल रहे लोगों को बीच बचाव करना पड़ा। भीड़ जुटने के बाद कोतवाली से आए पुलिस बल ने किसी तरह मामले को शांत कराया था। एसपी लोकेश्वर सिंह का कहना है कि मामले में तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
कोतवाल पिथौरागढ़ को मामले की जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी कोतवाल मोहन चंद्र पांडे का कहना है कि दोनों पुलिस कर्मियों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।