पिथौरागढ़ डिपो के वर्कशॉप में खराबी आने से खड़ीं रोडवेज बस। संवाद
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ डिपो को नई बस मिलने की उम्मीद है। डिपो के मुताबिक जल्द ही पांच से अधिक नई बसें मिलेंगी और पुरानी खटारा बसों में यात्रियों को सफर नहीं करना होगा। नई बस मिलने से यात्रियों का सफर सुरक्षित और आरामदायक होगा।
पिथौरागढ़ डिपो के बेड़े में 68 बसें हैं। इनमें से सिर्फ 21 बसें नई हैं और अपनी उम्र पार कर चुकीं 47 बसें पुरानी और खटारा हो चुकी हैं। इन पुरानी बसों में आए दिन खराबी आने से ये यात्रियों को बीच राह पर धोखा दे रही हैं। इन बसों के सड़कों पर टॉयर फट रहे हैं तो इंजन में खराबी आने से ये रास्तों पर खड़ी हो रही हैं। नई बसें न मिलने से डिपो के लिए खटारा बसों को सड़कों पर दौड़ाना मजबूरी है। डिपो के मुताबिक जल्द ही नई बसें मिलने की उम्मीद है। पिथौरागढ़ डिपो के हिस्से में कम से कम पांच बसें आएंगी। ऐसे में नई बसें मिलने से यात्रियों का सफर सुरक्षित होने के साथ ही डिपो की बदहाली दूर होने की उम्मीद है। संवाद
खराब हो रही हैं पुरानी बसें, नहीं मिल रहे स्पेयर पार्ट्स
पुरानी, खटारा बसों में आए दिन खराबी आ रही है। अंदाजा लगाया जा सकता है खराबी आने से चार बसें वर्कशॉप में खड़ी हैं। हैरानी है कि इनकी खराबी को दूर करने के लिए डिपो को स्पेयर पार्ट्स नहीं मिल रहे हैं। डिपो कई बार निगम से स्पेयर पार्ट्स की मांग कर चुका है। मांग के सापेक्ष सीमित पार्ट्स भेजकर जिम्मेदारी निभाई जा रही है। कोट
पिथौरागढ़ डिपो को नई बसें मिलने वाली हैं। नई बस मिलने से डिपो के साथ ही यात्रियों को राहत मिलेगी। बंद रूटों पर भी नई बस मिलने से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। - रवि शेखर कापड़ी, एआरएम, पिथौरागढ़ डिपो