पीपली-डोडा-घिंघरानी की बदहाल पड़ी सड़क।
- फोटो : पिथौरागढ़
पहाड़ी पर लटके बोल्डर और मलबे को हटाने के लिए पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच गुड़ौली के पास 12 मई तक के लिए बंद किया गया है। पीपली-डौड़ा-घिंघरानी मार्ग से वाहनों का संचालन हो रहा है। लेकिन यह मार्ग भी कई स्थानों में खतरनाक बना हुआ है।
एनएच पर गुड़ौली के पास पहले की गई ब्लॉस्टिंग से पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी में लटके बोल्डर, मलबे को हटाने के लिए डीडीहाट के उप जिला मजिस्ट्रेट केएन गोस्वामी के निर्देश पर राजमार्ग पर 8 से 12 मई तक यातायात रोका गया है। बीआरओ ने पहाड़ी से बोल्डर, मलबा हटाने के लिए दो पोकलैंड, एक डोजर, दो जेसीबी के साथ ही 30 मजदूर लगाए हैं। पहाड़ी से बोल्डरों को निकालने का कार्य किया जा रहा है। सौ मीटर लंबी और 70 मीटर ऊंची पहाड़ी को पूरी तरह तोड़कर बोल्डर, मलबा हटाना है, ताकि भविष्य में खतरे की संभावना न रहे।
गुड़ौली के पास एनएच बंद होने से धारचूला, जौलजीबी के लिए कनालीछीना-पीपली-डौड़ा-घिंघरानी सड़क से किया जा रहा है। यह सड़क डौड़ा, घिंघरानी के बीच काफी खतरनाक बनी हुई है। सड़क क्षतिग्रस्त है। जरा सी असावधानी में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है। सड़क से नीचे महाकाली नदी बहती है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मदन मोहन भट्ट ने बताया कि कनालीछीना-पीपली-डौड़ा-घिंघरानी सड़क की अनदेखी भारी पड़ सकती है। इस ओर प्रशासन और संबंधित विभाग को ध्यान देना चाहिए।