बिजली के एक फीडर में रविवार की सुबह खराबी आने से नगर के बड़े हिस्से में पूरे छह घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। इस कारण आज कई इलाकों में पेयजल की सप्लाई भी बाधित रही और लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। विभाग की टीम सुबह से ही फीडर में आई खराबी को दूर करने का प्रयास करते रहे लेकिन फाल्ट दूर करने में विभाग को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
बताया गया है कि मुख्य नगर को बिजली सप्लाई करने वाले फीडर में आज सुबह ठीक आठ बजे खराबी आ गई। फीडर के सर्किट वायर फ्यूज हो गए। इस कारण बैंक रोड, ऐंचोली, सिल्थाम, गांधी चौक, लुंठ्यूड़ा समेत बड़े इलाके की बिजली सप्लाई भंग हो गई। विभाग की टीम ने सुबह आठ बजे से फीडर में आई खराबी को दूर करने का काम शुरू कर दिया। अपराह्न दो बजे बिजली सप्लाई सामान्य हुई। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण मरम्मत के काम में बाधा पहुंची। वहीं, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने बताया कि बिजली सप्लाई ठप होने से हनुमान मंदिर स्थित टंकी से पानी लिफ्ट नहीं हो पाया। इस कारण लोनिवि जोन से जुड़े सभी इलाकों में आज पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। बिजली की सप्लाई सुचारु होने से कल से पानी की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।