आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा पर आने वाले पर्यटकों के वाहन शाम तीन बजे बाद धारचूला से गुंजी के लिए नहीं जा सकेंगे। इसी तरह शाम चार बजे बाद गुंजी से धारचूला आने वाले पर्यटकों के वाहनों पर रोक रहेगी। डीएम ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर धारचूला के एसडीएम को इस संबंध में निर्देश दिए।
आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा के संबंध में बुधवार को डीएम रीना जोशी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि अब तक 5,000 यात्री आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर चुके हैं। डीएम ने धारचूला के एसडीएम मंजीत सिंह को गुंजी में पर्यटकों के ठहरने के लिए सर्किट हाउस बनाने के लिए जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए। सीएमओ को निर्देश दिए कि गुंजी और ज्योलिंगकांग में एक-एक चिकित्सक और एंबुलेंस तैनात करें ताकि यात्रियों को स्वास्थ्य समस्या होने पर समय से इलाज मिल सके। उन्होंने आदि कैलाश यात्रा क्षेत्र में टीम भेजकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए।
ये पढ़ें- काम की खबर: आदि कैलाश यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, अब सिर्फ चार दिन के लिए जारी होगा इनर लाइन परमिट; जानें वजह
डीएम ने कहा कि यात्रा के लिए जाने वाले व्यक्ति ऑनलाइन भी इनर लाइन परमिट के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा काल के दौरान धारचूला और गुंजी में यात्रियों की फिटनेस चेकअप अनिवार्य रूप से किया जाए जिससे कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में पहुंचने पर किसी भी यात्री को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने सीएमओ को ज्योलिंगकांग और गुंजी में एक-एक चिकित्सक और एंबुलेंस की तैनाती करने और सभी आवश्यक स्थानों पर ऑक्सीजन सिलिंडर, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर यात्री दलों के साथ जाने वाले गाइडों को प्राथमिक स्वास्थ्य करने का प्रशिक्षण दिलाने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जीवन रक्षक संसाधनों के अभाव में किसी भी यात्री की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। बैठक में एडीएम एसके बरनवाल, एसडीएम सदर आशीष मिश्रा, सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी आदि अधिकारी मौजूद रहे।