थल(पिथौरागढ़)। अल्काथल- नैनादेवी सड़क की बदहाली से लोगों में आक्रोश है। सड़क को ठीक करने की मांग के लिए खोली कन्यूरी के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र सड़क को ठीक नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि अल्काथल-नैनादेवी सड़क की बदहाली से लोग लंबे समय से परेशान हैं। बावजूद इसके सड़क को ठीक करने को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली से खोली, कन्यूरी, किमल्टा, धिंगतड़, राजगौड़ा ,अल्मिया गांव, ओखल गांव, डुंगरी सहित 15 गांव के लोग परेशान हैं । सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं, नालियां न होने से सड़क रोखड़ में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवागमन करने पर मजबूर हैं। 2005 में बनी यह सड़क 17 साल से डामरीकरण के अभाव में जर्जर हालत में पहुंच चुकी है।
कोरोना महामारी में इस समय लोगों को आवश्यक सामान ,चिकित्सा सुविधा के लिए इस जर्जर हालत में पहुंच चुकी सड़क से बड़ी परेशानी से आवागमन करना पड़ रहा हैं। उन्होंने शीघ्र सड़क को ठीक नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर नैनादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद उपाध्याय, खोली कन्यूरी के ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय, कमलेश उपाध्याय, सुंदर सिंह मेहता, सुरेश राम, गणेश राम मौजूद रहे।