फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिथौरागढ़ के कई बैंकों में नई करेंसी पहुंची

Tue, 15 Nov 2016 10:57 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ स्टेट बैंक में महिला को दो हजार का नोट देता बैंक अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिला मुख्यालय के कई बैंकों में दो हजार का नया नोट पहुंच गया है। स्टेट बैंक ने काउंटर से नए नोट का भुगतान शुरू कर दिया है। पैसे की किल्लत झेल रहे लोगों को दो हजार का यह नोट राहत तो दे सकता है, लेकिन खुले और छोटे नोटों की समस्या इसमें आड़े आने लगी है। दो हजार का नोट लोग लेकर तो जा रहे हैं, लेकिन उसे चलाने का संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को एक दिन के अवकाश के बाद बैंक खुले तो भीड़ ने रिकार्ड तोड़ दिए। स्टेट बैंक के बाहर लगी कतार पालिका चौक तक पहुंच गई। अन्य बैंकों में भी लोगों का तांता लगा रहा है।
विज्ञापन


स्टेट बैंक के डिप्टी मैनेजर मुन्नागिरी गोस्वामी ने बताया कि निर्धारित लिमिट के भीतर लोगों को भुगतान में अब दो हजार का नया नोट दिया जा रहा है। बैंक के पास सौ और 50 के नोट भी उपलब्ध हैं। अभी अप्रचलित नोट लेकर आने वालों का क्रम नहीं थमा है। पंजाब नेशनल बैंक, आईसीआईसीआई बैंक भी दो हजार का नोट बांटने लगे हैं। अफरा-तफरी का आलम कम नहीं हुआ है। चारों तरफ लोग सिर्फ नोटों की चिंता में ही डूबे हैं। सारा कामकाज छोड़कर अब सुबह से ही बैंक के आगे कतार में खड़े हो रहे हैं। लोग इसी चिंता में हैं कि कब तक यह क्रम चलता रहेगा।

डीडीहाट में मचा नोटों को लेकर हाहाकार
डीडीहाट। डीडीहाट में नोटों को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। बैंकों ने नोट समाप्त होने के बाद पांच और दस के सिक्के देने शुरू कर दिए हैं। यह सिक्के बाजार में चलाने में मुसीबत आ रही है। बैंकों में कैश नहीं है तो पुराने नोट बदलने का काम भी ठप पड़ गया है। नगर में कोई भी एटीएम चालू नहीं है। लोग अब धीरे-धीरे गंभीर स्थिति से जूझने लगे हैं। अव्यवस्था को लेकर लोगों में गुस्सा भी फूटने लगा है। बैंकों ने नोटबंदी के बाद की स्थिति से निपटने के लिए कोई तैयारी नहीं की है।
विज्ञापन


रुपयों के लिए मिन्नत करते रहे लोग
मुनस्यारी। यहां के बैंकों में दो हजार का नोट तो पहुंच गया है, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोगों को पुराने नोट बदलने में पापड़ बेलने पड़ गए। कई लोगों को बैंक कर्मियों से रुपए के लिए मिन्नत करते देखा गया, जिन लोगों के हाथ में दो हजार का नोट आ गया, वह काफी खुश हैं। वहीं, नगर के एटीएम मंगलवार को भी बंद रहे। ग्रामीण अंचलों और दूरदराज के लोगों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बोना, तोमिक, गोल्फा, नामिक, पातो से 25 से 50 किमी की दूरी तय कर यहां पहुंचे लोगों के न तो बैंक में खाते खुल पा रहे हैं और न पुराने नोट ही बदले जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें