पिथौरागढ़-घाट एनएच में मलबा हटाती जेसीबी। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
दिल्ली बैंड के पास पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाइवे पर रविवार रात फिर मलबा आ गया। इसके चलते वाहनों का संचालन ठप रहा। अपराह्न 3:30 बजे वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। लगातार एनएच के बंद होने से सीमांत के लिए फल सब्जी, राशन, समाचार पत्र सहित अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो रही है।
पिथौरागढ़-घाट एनएच पर दिल्ली बैंड खतरनाक बन गया है। हाईवे पर दिल्ली बैंड के पास लगातार पहाड़ी दरक रही है। मलबा आने से शनिवार से रविवार की सुबह 10 बजे तक यातायात ठप रहा था। रविवार को दिन में वाहनों की आवाजाही सामान्य रही।
रविवार रात में फिर भारी मात्रा में मलबा आ गया। इसके चलते सोमवार सुबह सब्जी, राशन, गैस सिलिंडर, दूध, समाचार पत्र आदि के वाहन फंस गए। मैदानी क्षेत्रों को जा रहे ट्रांसपोर्ट वाहनों के चालकों को भी घंटों तक इंतजार करना पड़ा। एनएच खंड की ओर से मलबा हटाने के लिए जेसीबी और पोकलैंड भेजी, लेकिन पहाड़ी के लगातार दरकने से सड़क खोलने में लंबा वक्त लगा।
अपराह्न 3:30 बजे एनएच वाहनों के लिए खोला जा सका। सड़क बंद होने से दूसरे दिन भी समय से समाचार पत्र पिथौरागढ़ नहीं पहुंच पाए। दिल्ली बैंड के साथ ही नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। एनएच के अधिकारियों के अनुसार दिल्ली बैंड के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने से दिक्कत पेश आ रही है।