पिथौरागढ़। जनपद के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को जिले के लिए 23 करोड़ 89 लाख 44 हजार लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन, आवागमन, सिंचाई और ग्रामीण आधारभूत संरचना से संबंधित 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। इनमें 1884.96 लाख की लागत के 15 योजनाओं का शिलान्यास और 504.48 लाख लागत के छह कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार पिथौरागढ़ जिले में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पर्यटन विकास और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा और आवागमन व सिंचाई सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, नगर महापौर कल्पना देवलाल, जिला अध्यक्ष भाजपा गिरीश जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इन योजनाओं का किया शिलान्यास
योजना लागत (लाख रुपये में)
- मुनस्यारी क्षेत्र में सेलमाली के पास भुजगढ़ नदी पर 54 मीटर स्पान का झूलापुल - 171.49
धारचूला ब्लॉक के ग्राम खुमती में घटखोला नाले पर 60 मीटर स्पान स्टील गार्डर पुल - 263.08
कनालीछीना ब्लॉक में लीमाटोड़ा मार्ग की मरम्मत - 387.75
गंगोलीहाट क्षेत्र के खुरिया गांव–जखेड़ी पासदेव में अलमियागांव सड़क की मरम्मत -259.59
मदकोट, नाचनी, धामीगांव, जिप्ती, देवतपुरचौड़ा, धारीऐर, अमतड़ी और जमतड़ में पंचायत भवन निर्माण - 20-20
धारचूला के रांगकांग में छह इग्लू हट्स - 325.26
गुंजी में ग्लास होम हाउस - 280.35
बिण क्षेत्र में सेरा नहर का जीर्णोद्धार 37.44
इनका हुआ लोकार्पण
नौलड़ा, अस्याली और पतेत सिंचाई लिफ्ट योजनाओं और कनालीछीना में हंसेश्वर मठ के पास काली नदी पर बाढ़ सुरक्षा योजना, वरदानी पार्क के सौंदर्यीकरण और एस्ट्रो ऑब्जर्वेटरी स्थापना कार्यों का लोकार्पण।
सभी विभागों के विकास कार्य की समीक्षा की
पिथौरागढ़। विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद के समस्त विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने धारचूला में छार्छुम ब्रिज की प्रगति की जानकारी ली और सुरक्षा चौकी के लिए प्रस्तावित प्लान पर चर्चा की। लोनिवि, डीडीहाट से जनपद में प्रस्तावित ट्रॉली प्रणाली की जानकारी लेते हुए शीघ्र साइट चयन कर कार्य प्रारंभ करने तथा सभी निर्माण स्थलों पर सूचना साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के कड़े निर्देश दिए। वन विभाग को कैंपा फंड का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दि। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने मंदिरों के निर्माण एवं विकास में एएसआई कानून के कारण आ रही व्यावहारिक समस्याओं की सूची उपलब्ध कराने को कहा ताकि इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष रखा जा सके। बैठक में जिपं अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीएम आशीष भटगांई, सीडीओ डॉ दीपक सैनी, महापौर कल्पना देवलाल, जिला अध्यक्ष भाजपा गिरीश जोशी सहित प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आंवलाघाट मोटर पुल निर्माण जल्द पूरा करें
पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती ने गंगोलीहाट-पिथौरागढ़ के बीच रामगंगा नदी पर आंवलाघाट मोटर पुल निर्माण के मामले को पर्यटन एवं लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज के समक्ष उठाया। इस पर कैबिनेट मंत्री ने सचिव लोनिवि पंकज पांडेय से दूरभाष पर वार्ता कर पुल निर्माण में तेजी लाकर इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। खाती ने कहा कि पुल बनने से घाट-पनार से होकर जाने वाले मैदानी रास्ते के बंद होने पर यह वैकल्पिक मार्ग का भी काम करेगा।
जौलजीबी से पंचेश्वर तक चेकडैम, तटबंध निर्माण की मांग
महाकाली की आवाज संगठन के संयोजक शंकर खड़ायत ने पंचेश्वर बांध का संभावित डूब क्षेत्र होने के चलते जौलजीबी से पंचेश्वर तक काली नदी से होने वाले भू-कटाव से संरक्षण के लिए चेकडैम, तटबंध निर्माण किए जाने की मांग उठाई। इसके निर्माण से कानड़ी, झूलाघाट, बलतड़ी, हल्दू, तीतरी, बगड़ीगांव, रणवा व अमतड़ी के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्होंने महाकाली नदी के पानी से कानड़ी, गिठगाड़ा, झूलाघाट में सिंचाई और पेयजल समस्या का निदान किए जाने की मांग भी की जिस पर कैबिनेट मंत्री ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फोटो 23 पीटीएच 24 पी- विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज। संवाद
बनबसा में ड्राईपोर्ट बनाने की चल रही कार्रवाई : सतपाल महाराज
पिथौरागढ़। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि बनबसा में नेपाल के साथ मिलकर ड्राईपोर्ट (शुष्क बंदरगाह) बनाने की कार्रवाई चल रही है। ड्राईपोर्ट बनेगा इस संबंध में ड्राईपोर्ट अथारिटी तथा नेपाल के राजदूत से महेंद्रनगर में उनकी बातचीत हुई है। मुलाकात में उन्होंने कहा कि नेपाल ड्राईपोर्ट के लिए भूमि देगा तो हमारी कंपनियां उसका निर्माण करेंगी। उन्होंने बताया कि बनबसा बैराज 100 साल की आयु पूरी कर चुका है। चूंकि वह उत्तर प्रदेश सरकार की संपत्ति है इसलिए उन्होंने यूपी से आग्रह किया है कि रेट्रोफिटिंग करके एक नया रास्ता बनाएं ताकि यदि बैराज क्षतिग्रस्त हो तो लोग दूसरे रास्ते से आवाजाही कर सकें। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया है एक पुल हम भी बनाएं जिसके लिए सर्वे कराया जाएगा।
विकास भवन सभागार में पत्रकारों से वार्ता में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नेपाल के साथ मिलकर पर्यटन बढ़ाने की योजना पर भी काम चल रहा है। इसमें पूर्णागिरि मंदिर, नेपाल के कुछ इलाकों से लेकर कॉर्बेट पार्क तक शामिल हैं। काली नदी में बनबसा तक रिवर राफ्टिंग और अन्य साहसिक खेल इसमें आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि पंचेश्वर डैम बनाने के लिए भी बातचीत आगे बढ़ रही है। इसके बनने से सी-प्लेन भी इसमें चल सकेंगे जो पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने में कारगर साबित होंगे। सतपाल महाराज ने कहा कि नेपाल से लगे हमारे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नेपाली बहुओं के राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इस समस्या के जल्द समाधान के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। इस विषय पर भारत के राजदूत से भी वार्ता की गई है। उन्होंने बताया कि नेपाली नागरिकों को भारत से ले जाई जाने वाली 25 हजार रुपये की सीमा में शिथिलता पर विचार किया जा रहा है। संवाद
नैनीसैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण पर खर्च होंगे 432 करोड़
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि नैनीसैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण पर 432 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। इसके विस्तार से 72 सीटर विमान यहां आसानी से उतर सकेंगे। इससे क्षेत्र के विकास के विभिन्न आयाम खुलेंगे और सीमांत क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को काफी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एयरपोर्ट 70 एकड़ क्षेत्रफल में स्थित है। इसके लिए विस्तारीकरण के लिए 160 एकड़ और भूमि की जरूरत है। विस्तारीकरण की जद में आने वालों को मुआवजा मिलेगा।
मझेड़ा में एक छत के नीचे मिलीं सभी सेवाएं, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ
पिथौरागढ़। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत मंगलवार को न्याय पंचायत मझेड़ा के लिए बहुविभागीय जनसेवा शिविर का आयोजन मोस्टामानू मेलास्थल में किया गया। शिविर की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने की। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टालों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं, सेवाओं व लाभों की जानकारी देने के साथ मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया गया। राजस्व विभाग ने 19 प्रकरणों का निस्तारण किया। वहां डीएम आशीष भटगांई, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, जिलाध्यक्ष भाजपा गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर नगर निगम कल्पना देवलाल, ब्लॉक प्रमुख विण लक्ष्मी गोस्वामी, बिरेंद्र बोहरा आदि थे। संवाद