स्व. चारू चंद्र पाठक मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले युगल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पिथौरागढ़ की टीम ने बेड़ीनाग की टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं एकल मुकाबले में अनिल ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
एसएसबी के बैडमिंटन कोर्ट में चल रही प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पिथौरागढ़ के अनिल नगरकोटी की टीम ने बेड़ीनाग के बलवंत रौतेला की टीम को सीधे मुकाबले में 21-12, 21-13 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। एकल के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी अनिल नगरकोटी ने बंशीधर जोशी को सीधे सेटों में 21-8, 21-5 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 40 आयुवर्ग से अधिक के मुकाबलों में राजेश ठाकुर की टीम, परवीन भंडारी की टीम, एमएस बिष्ट की टीम, तरुण की टीम ने अपने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक किशोर साह, परवीन भंडारी, स्कोरर विरेंद्र कन्याल, शेखर कफलिया थे।