क्लीन पिथौरागढ़, ग्रीन पिथौरागढ़ की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए नगरपालिका परिषद ने बुधवार को 100 कूड़ेदान उपलब्ध कराए हैं। नगरपालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती ने कहा कि नगर को साफ सुथरा और सुंदर बनाए रखने में पालिका हरसंभव प्रयास कर रही है।
सफाई के प्रति व्यापारियों के प्रयास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पालिका अपने स्तर से कोई कमी नहीं रखेगी। श्री खाती ने डीएम और एसपी से आग्रह किया है कि कूड़ेदानों की सुरक्षा के लिए कबाड़ बेचने वालों की बैठक ली जाए और उनको सख्त हिदायत दी जाए कि कूड़ेदानों को उठाने का प्रयास न करें। वैसे यह तय किया गया है कि जिस दुकान के आगे कूड़ादान रखा जाएगा शाम को वही दुकानदार इसे अपनी दुकान के अंदर संभालेगा। उसमें जमा होने वाले कूड़े को पालिका के सफाई कर्मचारी उठा ले जाएंगे।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पालिका एक प्रयास कर रही है। पहले चरण में सिमलगैर, गांधीचौक, महात्मागांधी मार्ग, नया बाजार, पुराना बाजार, धर्मशाला लाइन लगाए गए हैं। अगले चरण में टकाना, लिंक रोड, डिग्री कॉलेज रोड, घंटाकरण, सिल्थाम, रोडवेज स्टेशन, केएमओयू स्टेशन में भी यह कूड़ादान रखे जाएंगे। अब तक व्यापारियों ने अपनी दुकानों के आगे कूड़ा डालने के लिए खाली पेटियां रखी थी। इस मौके पर क्लीन एंड ग्रीन परिवार नीरज भट्ट, राजू नेगी, सुनील कुमार, विजय पंगरिया, चंद्रप्रकाश, भास्कर जोशी, पीसी कलौनी, किशोर गोबाड़ी, गिरीश भट्ट, भास्कर भट्ट, नितिन महर, नवल किशोर रावल, अभियंता डीएस मेहरा आदि थे।