नगरपालिका क्षेत्र में नेपाल रोड पर नेपाल वालों ने अवैध तरीके से फड़ बनाकर कब्जा कर लिया है। इसे बुधवार को हुई नगरपालिका बोर्ड बैठक में हटाने का निर्णय लिया गया। नगरपालिका अध्यक्ष दशरथी खैर के अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों ने एक स्वर से नेपाल रोड पर बिना नगरपालिका की अनुमति के बने फड़ों पर कड़ी नाराजगी जताई। मनोनीत सभासद मोहन सिंह कुंवर ने कहा कि नेपाल के निवासियों ने नेपाल रोड पर अवैध फड़ों की लाइन लगा रखी है। इसके पीछे किसी भारतीय सफेदपोश का हाथ हो सकता है जो इन लोगों से खुद किराया वसूल रहा है।
तय हुआ कि उक्त सभी अवैध फड़ हटाए जाएंगे। बैठक में अधिशासी अधिकारी डीके तिवारी ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में समस्त बजट का उपयोग हो जाएगा और नगरपालिका बोर्ड व्यक्तिगत आय बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है। नगरपालिका अध्यक्ष खैर ने कहा कि सभी वार्डों के स्वच्छता के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं एवं नगर में सौंदर्य और सुरक्षा के लिए सोलर लाइट लगाई जा रही हैं। सभासदों ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया से पहले अधिशासी अधिकारी द्वारा मौका मुआयना किया जाना आवश्यक है, ताकि आवश्यक कार्यों में ही बजट खर्च हो सके। बैठक में तय हुआ कि नगर क्षेत्र में नालियों का निर्माण किया जाएगा, प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी जनता को दी जाएगी। नेपाल रोड़ पर ठेकेदार द्वारा गलत जगह पर कार्य किए जाने पर फिर कार्य कराया जाएगा, बीएसएनएल टावर पर मासिक शुल्क लगाया जाएगा, पॉलिथीन के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, कार्यालय के जो भवन जीर्णशीर्ण हालात में हैं उनको नया भूकंपरोधी तकनीक से बनाया जाएगा।
बैठक में सभासद राधा मर्तोलिया, रजनी ग्वाल, मालती देवी, राजेंद्र गर्ब्याल, नृप गर्ब्याल, अरविंद वाल्मीकि, इरशाद अहमद, मजू कुटियाल, नंदा बिष्ट, भूरे सिंह राकेश दयाल आदि उपस्थित थे।