पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर ने सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मॉक परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। मॉक परीक्षा में प्रथम पांच स्थान पर रहने वाले युवाओं को वह स्कॉलशिप भी देंगे।
विधायक मयूख महर ने अपने सोशल मीडिया पेज पर कहा कि 80 के दशक में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करने के दौरान उन्हें उच्च शिक्षा की कमी महसूस हुई। परीक्षा से पूर्व अपनी तैयारी का आकलन करने के लिए जरूरी संसाधनों की कमी भी लगी। कहा कि यहां के युवा कांस्टेबल, एसआई, पटवारी, वीडीओ, पीसीएस आदि प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ-साथ यूपीएससी, एसएससी, बैंक, सेना आदि परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। मगर खुद की पढ़ाई का आकलन करना मुश्किल होता है। ऐेसे में वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मॉक परीक्षाएं कराएंगे। इन मॉक परीक्षाओं में प्रथम पांच स्थान हासिल करने वाले युवाओं को अपने व्यक्तिगत खर्चे से स्कॉलरशिप राशि और प्रतियोगी पुस्तकें भेंट करेंगे।
यहां कराएं रजिस्ट्रेशन
पिथौरागढ़। विधायक मयूख महर ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि वह युवाओं के संघर्ष को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकें। कहा कि शहर के युवाओं को किताबों के पास और नशे से दूर रखना भी इस अभियान का हिस्सा रहेगा। उन्होंने युवाओं से मॉक टेस्ट में प्रतिभाग करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 740997777 पर फ्री रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।