डीडीहाट के तुरगोली-सानदेव मार्ग पर पिकअप वाहन के खाई में गिरने से शिक्षक की मौत हो गई, जबकि शिक्षक की पत्नी और चालक घायल हो गए।
डीडीहाट के रानीखेत के समीप चन्यालगांव निवासी जीवन प्रसाद (40) पुत्र तेज राम राजकीय प्राथमिक विद्यालय कूटा में शिक्षक थे। सोमवार को विद्यालय से आने के बाद भवन निर्माण का सामान लेकर अपनी पत्नी सरस्वती के साथ पिकप से अपने घर जा रहे थे। गांव पहुंचने से पहले चालक गोविंद राम ने उन्हें उतारने के बजाय वाहन को मोड़ने का प्रयास किया।
वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने खाई में उतरकर घायलों को सड़क तक पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल शिक्षक जीवन प्रसाद ने इस दौरान दम तोड़ दिया। पत्नी सरस्वती देवी और चालक गोविंद राम को गोचर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद डॉ.अतुल कुमार ने सरस्वती को को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चालक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। देर शाम एसआई मोहन सिंह बोरा ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। जीवन के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा नितेश कुमार आठवीं और छोटा बेटा आयुष कुमार छठी कक्षा में पढ़ता है। मां गांव में रहती हैं। उन्हें देर शाम तक इस घटना की सूचना नहीं दी गई थी।