नैनीसैनी से कनारीपाभै जाने वाली सड़क की दुर्दशा के खिलाफ रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और 20 हजार की आबादी को हो रही दिक्कतों को दूर करने की मांग की। सपा की मांग की कि नैनीसैनी क्षेत्र में बैंक की शाखा खोली जाए, ताकि वहां के पेंशनरों को सुविधा मिल सके और खराब सड़क से दस किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय आने की जरूरत न हो।
सपा जिलाध्यक्ष मदन सानयाल ने कहा कि नैनीसैनी से कनारीपाभै जाने वाली सड़क की हालत इतनी खराब है कि इसमें रसोईगैस की छोटी गाड़ियां भी नहीं चल पाती हैं। 108 सेवा कभी भी इलाके में नहीं पहुंचती। सपा के मुख्य प्रवक्ता नरेंद्र ऐर ने कहा कि सड़क होने के बावजूद लोग जरूरी सामान को ले पाने की स्थिति में नहीं हैं। जिला महामंत्री रमेश बिष्ट ने कहा कि पूरे इलाके में 90 फीसदी पेंशनर हैं।
उनको पेंशन लेने के लिए खराब सड़क से जिला मुख्यालय आना पड़ता है। सपा महासचिव प्रेमबल्लभ थ्वाल ने कहा कि यदि क्षेत्र के लोगों की समस्या हल नहीं हुई तो सपा व्यापक आंदोलन छेड़ देगी। प्रदर्शन में महेश कुमार टम्टा, मनोज कुमार, अनिकेत, सुलेमान अली, दिनेश पाल, किशोर सार्की आदि कार्यकर्ता थे।